गाजीपुर: गहमर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर कांड का खुलासा छठे दिन भी नहीं हो सका है। इस मामले में लापता तीसरे युवक अंकित के शव की तलाश को तेज करते हुए पुलिस ने बिहार स्थित एनटीपीसी से बड़ी क्षमता की पंपिंग मोटर मशीन मंगाई है। मशीन की मदद से तालाब का पानी निकालकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच और आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हमलावरों ने अंकित की हत्या कर उसका शव उसी तालाब में फेंक दिया था, जहां से उसके दो साथी विक्की और सौरभ के शव पहले ही बरामद किए जा चुके हैं।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने कई दिनों तक तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अत्यधिक गहराई और दलदली तल के कारण अंकित का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस का मानना है कि तालाब का पानी पूरी तरह निकालने के बाद ही अंकित से जुड़ी सच्चाई सामने आ पाएगी और पूरे घटनाक्रम की कड़ी स्पष्ट हो सकेगी।
यह घटना 24–25 दिसंबर की रात की है, जब जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे तीन दोस्तों पर हमला किया गया था। हमले में विक्की और सौरभ की मौके पर ही हत्या कर दी गई थी, जबकि तीसरा युवक अंकित तभी से लापता है।
इस हत्याकांड में पुलिस अब तक एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
घटना के छह दिन बाद भी गहमर गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग अंकित की बरामदगी और पुलिस के अंतिम खुलासे का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।




