गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के रायसेनपुर गांव में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान रायसेनपुर गांव निवासी 25 वर्षीय मिथिलेश पाल, पुत्र रमेश पाल के रूप में हुई है। मिथिलेश गांव में ड्राइवर का काम करता था। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई का नाम बुलु पाल और छोटे भाई का नाम नितेश पाल है। मृतक के पिता बाहर रहकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटनास्थल पर जिस पेड़ की डाल से युवक का शव लटका मिला, उसके ठीक ऊपर की डाल पर मृतक का मोबाइल फोन रखा हुआ मिला। इस परिस्थिति को देखते हुए ग्रामीणों के साथ-साथ पुलिस भी हत्या की आशंका जता रही है। हालांकि, अभी तक युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार, मिथिलेश की मां की तबीयत करीब दो माह पहले खराब हो गई थी और वह तब से बिस्तर पर हैं। इस पारिवारिक स्थिति को भी पुलिस जांच में शामिल कर रही है।
घटना की सूचना पर गहमर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




