मरदह (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के नखतपुर गांव निवासी 55 वर्षीय लक्षिराम पाल की शुक्रवार की सुबह अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की पत्नी पर विषाक्त पदार्थ खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए स्वजनों ने शव का अंतिम संस्कार रुकवा दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने करीब 30 घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया कि लक्षिराम पाल ने लगभग दो वर्ष पूर्व रीता देवी से तीसरी शादी की थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रह रहे थे। शुक्रवार की सुबह उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
मृतक के मुंबई में रह रहे भतीजे ने फोन कर शव का अंतिम संस्कार न करने को कहा और आरोप लगाया कि रीता देवी ने विषाक्त पदार्थ खिलाकर उनके चाचा की हत्या की है। आरोप की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
शनिवार को मुंबई से गांव पहुंचे भतीजे जयप्रकाश पाल ने डायल 112 पर सूचना देकर चाची रीता देवी पर हत्या का आरोप लगाया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि जयप्रकाश पाल के प्रार्थना पत्र पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।



