
गाजीपुर । मुहम्मदाबाद थाने की पुलिस ने माफिया मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। उमर अंसारी पर सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा और भड़काऊ भाषण देने के आरोप हैं। वह IS-191 गैंग का सक्रिय सदस्य है और उसके खिलाफ गाजीपुर, मऊ और लखनऊ में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उमर अंसारी के खिलाफ दर्ज 7 आपराधिक मुकदमे हैं, जिनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, सरकारी संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, चुनावी अपराध और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम जैसी धाराएं शामिल हैं। एसपी गाजीपुर डॉ. इरज राजा ने हिस्ट्रीशीट खोले जाने की पुष्टि की है और कहा कि निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उमर अंसारी को हाल ही में लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था और हाई कोर्ट ने उसकी जमानत मंजूर की थी। अब उमर अंसारी की गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और खुफिया एजेंसियां भी उसकी गतिविधियों को लेकर अलर्ट हैं। पुलिस उमर अंसारी के खिलाफ दर्ज हर मामले की छानबीन करेगी और आगे की कार्रवाई करेगी ।



