गाजीपुर। मुहम्मदाबाद इलाके में स्थित यूसुफपुर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार देर रात ट्रेन की टक्कर से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना गाजीपुर–बलिया रेलमार्ग पर पश्चिमी टड़वा रेल क्रॉसिंग के पास किलोमीटर संख्या 110/16 पर हुई।
स्टेशन मास्टर यूसुफपुर ने रात करीब 11:55 बजे मुहम्मदाबाद पुलिस को मेमो भेजकर सूचना दी कि डाउन ट्रेन संख्या 11033 की चपेट में आने से लगभग 37 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल की फोटो व वीडियो रिकॉर्डिंग कराई और शव की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में तस्वीरें दिखाईं, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।



