
गाजीपुर । कोतवाली थाना क्षेत्र के मुगलानी चक गाँव में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को दहला दिया है। पुलिस हत्या या हादसा में उलझी हुई है। वहीं परिजनों का आरोप है कि हत्या उसके ही रिश्तेदार ने की है, जबकि पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मानकर जांच में जुटी हुई है। दरअलस गाजीपुर के मुगलानी चक गांव में आज सुबह तब सनसनी फैल गई। जब एक बगीचे में 28 वर्षीय युवक विजय बहादुर बिंद का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। सिर पर गहरी चोट के निशान थे और पहली नजर में यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था। फिलहाल मामले में परिजनों की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार रोशन बिंद के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक विजय बहादुर रोज़मर्रा की तरह अपनी गाड़ी लेकर काम पर निकले थे। लेकिन 1 दिसंबर की रात 9 बजे तक जब वे घर नहीं लौटे तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार वालों का कहना है कि विजय को आख़िरी बार उनके ही रिश्तेदार रोशन बिंद, पुत्र रामजतन बिंद, के साथ देखा गया था। लेकिन पूछने पर रोशन ने कोई भी जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसी बीच अगली ही सुबह लगभग 5 बजकर 30 मिनट पर गांव के राम मनोज के बगीचे में एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। परिजनों ने मौके पर पहुँचकर शव की पहचान विजय बहादुर के रूप में की और सीधे-सीधे आरोप लगा दिया कि उनके रिश्तेदार रोशन बिंद ने ही हत्या की है। वही घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी शेखर सेंगर स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस फिलहाल मामले को हर एंगल से देख रही है कि यह हत्या है, हादसा है या किसी और वजह से मौत हुई है । सीओ सिटी शेखर सेंगर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण साफ हो पाएगा। पुलिस जांच कर रही है, तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी। मृतक के भाई दिनेश बिंद ने कोतवाली में तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस आरोपों की पड़ताल में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार किया जा रहा है।



