गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुहम्मदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रभारी निरीक्षक थाना मुहम्मदाबाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े 25 हजार रुपये के इनामिया वारण्टी हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है, जो बीते दो वर्षों से फरार चल रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गौस मुइनुद्दीन उर्फ गौस मोहिउद्दीन उर्फ तन्नु पुत्र खलील अंसारी उर्फ खालिद, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभियुक्त मरहूम माफिया मुख्तार अंसारी का साढ़ू है और गैंग का शार्प शूटर रह चुका है। अभियुक्त वर्तमान में 207 ग्रैण्डर अपार्टमेंट, 6 डॉली बाग, लखनऊ का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता युसुफपुर, थाना मुहम्मदाबाद, जनपद गाजीपुर है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त थाना मुहम्मदाबाद में दर्ज मु0अ0सं0-23/2023, धारा 147/148/149/302/34 भादवि के हत्याकांड में वांछित था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक थाना मुहम्मदाबाद सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की इस बड़ी सफलता से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है और कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस के अभियान को मजबूती मिली है।



