गाजीपुर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा युवा नेता अभिनव सिन्हा के द्वारा लंका मैदान में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का सोमवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन 12096 लोगों ने देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए ख्याति प्राप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार एवं परामर्श का लाभ उठाया। तीन दिनों में कुल लगभग 31 274 लाभार्थियों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया जिसमें 410 लोगों को विभिन्न शल्य चिकित्सा हेतु रेफर किया गया । जनपदवासियों को एक ही स्थान पर राष्ट्र स्तरीय विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित इस विशाल स्वास्थ्य शिविर में अत्यंत सुव्यवस्थित एवं व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। शिविर परिसर में लगभग 12 पंजीकरण काउंटरों पर ऑनलाइन एवं ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई। पंजीकरण के बाद चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा के लिए पर्ची तैयार करने, रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के लिए दो दर्जन से अधिक काउंटर बनाए गए थे। इसके पश्चात मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों में भेजकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग, सामान्य चिकित्सा, तंत्रिका रोग, अस्थि एवं जोड़ रोग, हार्मोन एवं मधुमेह, पाचन तंत्र, नेत्र, कान- नाक-गला, दंत चिकित्सा, मूत्र रोग, त्वचा रोग, हृदय रोग तथा श्वसन रोग सहित विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए चिकित्सकों ने हजारों मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार, दवाएं एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण परामर्श प्रदान किया।शिविर में केवल सामान्य चिकित्सकीय परामर्श ही नहीं, बल्कि आवश्यकता के अनुसार हड्डी, नाक-कान-गला तथा नेत्र संबंधी शल्य चिकित्सा की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों को रोगों के उपचार के साथ-साथ उनके बचाव, खान-पान, जीवनशैली एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता से संबंधित उपयोगी जानकारियां भी प्रदान कीं।इस विशाल आयोजन को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने में हजारों स्वयंसेवकों एवं वालंटियर्स ने लगातार तीन दिनों तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं। मरीजों के पंजीकरण से लेकर उन्हें संबंधित चिकित्सा विभाग तक पहुंचाने, चिकित्सकों से परामर्श कराने, दवा वितरण तथा अन्य व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, चिकित्सा कर्मियों, पुलिस प्रशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवानों तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने भी शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।अभिनव सिन्हा व उनकी धर्मपत्नी दीपाली ने जताया आभार समापन अवसर पर शिविर के आयोजक भाजपा युवा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव सिन्हा ने कहा कि गाजीपुर की जनता को देश के प्रतिष्ठित चिकित्सकों की विशेषज्ञ सेवाएं एक ही स्थान पर निःशुल्क उपलब्ध कराना इस वृहद स्वास्थ्य सेवा शिविर का मूल उद्देश्य था। तीन दिनों में लगभग 31 हजार लोगों का चिकित्सा लाभ प्राप्त करना इस आयोजन की व्यापकता और जनसहभागिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल बीमारी का उपचार उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं था, बल्कि लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, सजग और संवेदनशील बनाने का भी एक प्रयास था। जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से आए लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे परामर्श का अवसर मिला और अनेक लोगों को समय रहते अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त हुई। अभिनव सिन्हा ने कहा कि इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में डा ओपी मिश्रा,डा मधुकर राय,डा अभिजीत दीक्षित सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों के साथ-साथ हजारों वालंटियर्स, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी टीम, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा व्यवस्था में लगे जवानों और मीडिया प्रतिनिधियों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने बड़े जनसेवा के आयोजन को सफल बनाना किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं, बल्कि सामूहिक समर्पण, सहयोग और सेवा भावना का परिणाम है।उन्होंने विशेष रूप से तीन दिनों तक लगातार अपनी सेवाएं देने वाले चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों, मरीजों की सहायता में जुटे स्वयंसेवकों तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने वाले पुलिस प्रशासन और जनपद के मीडिया बंधुओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर की जनता का विश्वास, सहयोग और सहभागिता ही इस सेवा अभियान की सबसे बड़ी शक्ति रही। शिविर के समापन अवसर पर सेवा भावना से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों में उत्साह देखने को मिला। तीन दिनों तक लंका मैदान में चले इस वृहद स्वास्थ्य सेवा अभियान ने हजारों जरूरतमंद लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं से जोड़ने के साथ ही ‘सेवा ही संकल्प और सेवा ही समाज की शक्ति है’ के भाव को भी व्यापक रूप से स्थापित किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय व पूर्व जिलाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने भी सम्बोधित किया।


