अंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त, ग्रामीण एकत्रित हो कर प्रशासन के खिलाफ किये नारेबाजी

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हुरमुजपुर के बक्सूपुर मौजा में प्राथमिक विद्यालय परिसर में लगी अंबेडकर प्रतिमा को अराजक तत्वों ने गुरुवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया। इस प्रतिमा का अनावरण प्रदेश के तत्कालीन ग्राम्य विकास मंत्री श्रीराम यादव ने 01 नवम्बर 1994 को किया था। इसकी जानकारी होने पर शुक्रवार की सुबह काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। लोगों का कहना था कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते यहां लगी आंबेडकर प्रतिमा तीसरी बार तोड़ी गई है। सूचना पाकर सादात एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय सहित अगल बगल के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। विद्यालय परिसर में लगी अंबेडकर प्रतिमा के चेहरे पर अराजक तत्वों ने जिस हथौड़ी से प्रहार किया था, वह हथौड़ी वहीं नीचे गिरी मिली। पुलिस ने आश्वासन दिया कि प्रतिमा की मरम्मत करा दिया जाएगा, जिस पर ग्रामीण भड़क उठे और नई प्रतिमा लगाने के की मांग करते हुए नारेबाजी करने लगे। बाद में जखनियां के नायब तहसीलदार विवेकानंद सिंह और प्रभारी एसडीएम मनोज कुमार पाठक मौके पर पहुंचे और उन्होंने तहरीर लेते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर उचित कार्रवाई करने और नई प्रतिमा लगाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया। साथ ही मौके पर मौजूद हुरमुजपुर की ग्राम प्रधान मंशा देवी के प्रतिनिधि गुड्डू को ग्राम पंचायत निधि से विद्यालय की छोटी चहारदीवारी को और ऊंची कराने तथा सीसी टीवी कैमरा लगवाने को कहा। उन्होंने पुलिस को रात्रि गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया। धरना प्रदर्शन में चंद्रकांत कुमार, डॉ. विजय कुमार, लालचंद चौहान, नंदलाल, विनय, आशीष यादव, पवन कुमार गौतम, सचिन, नवीन, धनंजय कुमार, साहिल सहित काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित रहे, जिनमें महिलाएं भी शामिल रही। एसओ धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि बक्सूपुर निवासी चंद्रकांत कुमार पुत्र घुन्नू राम की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version