कक्षा 6 व 9 की चयन परीक्षा 15 फरवरी को
गाजीपुर। अटल आवासीय विद्यालय, ग्राम–करसड़ा, तहसील–राजातालाब, जनपद वाराणसी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। यह जानकारी अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) दिनेश कुमार ने दी।
उन्होंने बताया कि यह प्रवेश प्रक्रिया उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए आयोजित की जा रही है। ऐसे श्रमिक, जिन्होंने पंजीकरण के उपरांत 30 नवंबर 2025 तक न्यूनतम तीन वर्ष की सदस्यता पूर्ण कर ली हो, उनके प्रति परिवार अधिकतम दो बच्चे आवेदन के पात्र होंगे।
इसके अलावा, कोरोना काल में निराश्रित बच्चे (महिला कल्याण विभाग, लखनऊ की सूची अनुसार) तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के अंतर्गत पात्र बच्चे भी आवेदन कर सकते हैं।
विद्यालय में कक्षा 6 के लिए 160 सीटें (80 बालक व 80 बालिका) तथा कक्षा 9 के लिए 64 सीटें (33 बालक व 31 बालिका) निर्धारित की गई हैं। छात्र-छात्राओं का अनुपात 50:50 रखा गया है। प्रवेश हेतु ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किए जा सकते हैं।
आवेदन पत्र 01 जनवरी 2026 से किसी भी कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, सिकन्दरपुर मोड़, शास्त्रीनगर, गाजीपुर से निःशुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र upbocw.in एवं अटल आवासीय विद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं। पूर्ण रूप से भरे आवेदन पत्र समस्त संलग्नकों सहित 31 जनवरी 2026 को सायं 5 बजे तक कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, गाजीपुर में जमा करना अनिवार्य है।
पात्रता के अनुसार कक्षा 6 हेतु अभ्यर्थी की जन्मतिथि 01 मई 2014 से पहले तथा 31 जुलाई 2016 के बाद नहीं होनी चाहिए, जबकि कक्षा 9 के लिए जन्मतिथि 01 मई 2011 से पहले एवं 31 जुलाई 2013 के बाद नहीं होनी चाहिए। यह नियम सभी वर्गों पर समान रूप से लागू होगा। आरक्षण नियमानुसार दिया जाएगा। दिव्यांग अभ्यर्थियों को परीक्षा में 40 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा।
आवेदन के साथ जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, लेबर कार्ड की प्रति तथा छह पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र 07 फरवरी 2026 से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन उपलब्ध होंगे। परीक्षा परिणाम कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर चस्पा किए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा 15 फरवरी 2026 (रविवार) को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित होगी। कक्षा 6 की परीक्षा में मानसिक क्षमता, अंकगणित व भाषा से संबंधित 80 प्रश्न (100 अंक) होंगे, जबकि कक्षा 9 की परीक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित एवं विज्ञान के 100 अंकों के प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार की होगी और हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी।
किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी कार्यालय सहायक श्रम आयुक्त, सिकन्दरपुर मोड़, शास्त्रीनगर, गाजीपुर में किसी भी कार्यदिवस में संपर्क कर सकते हैं।

