आग की त्रासदी के बाद बिंद बस्ती में मानवता का सहारा

पीड़ित परिवारों के बीच पहुँचीं सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू, कंबल व खाद्य सामग्री का किया वितरण


गाजीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा बयेपुर (मठिया) स्थित बिंद बस्ती में बीते दिनों रिहायसी झोपड़ियों में लगी भीषण आग ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। इस दर्दनाक हादसे में मुन्ना बिंद, जगदीश बिंद, सत्येंद्र बिंद, सुरेंद्र बिंद सहित अन्य लोगों की झोपड़ियां पूरी तरह जलकर राख हो गईं। आग में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन तथा दैनिक उपयोग का सारा सामान नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को विवश हो गए।

घटना की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बन गया। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू स्वयं पीड़ित परिवारों का हाल जानने के लिए मौके पर पहुँचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और अपने हाथों से कंबल व खाद्य सामग्री का वितरण कर मानवीय संवेदना का परिचय दिया। कड़ाके की ठंड में कंबल मिलने से पीड़ित परिवारों के चेहरों पर कुछ राहत दिखाई दी।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू ने कहा कि बयेपुर (मठिया) की बिंद बस्ती में चार रिहायसी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं। यह केवल कुछ परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक पीड़ा है। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से अपील करते हुए कहा—
“उठो, जागो और इनके लिए भी एक कदम बढ़ाओ। नर सेवा ही नारायण सेवा है। आज हमने अपनी ओर से जो संभव हो सका, वह सहायता की है, लेकिन इन परिवारों को अभी और सहयोग की आवश्यकता है।”

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र राहत राशि, आवासीय सहायता एवं पुनर्वास की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा सम्मानपूर्वक अपना जीवन शुरू कर सकें।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के नेता सूरज राम बागी, पिछड़ा दलित विकास महासंघ के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिल, सिंहासन यादव, अजय यादव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version