कड़ाके की ठंड में सेवा भाव: जमानियां में 50 स्थानों पर जलवाए गए अलाव

गाजीपुर: कड़ाके की ठंड और शीतलहर से नगरवासियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के भावी उम्मीदवार रामनिवास प्रसाद ने सेवा भाव का परिचय देते हुए नगर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर अलाव की व्यवस्था कराई। पालिका क्षेत्र के लगभग 50 स्थानों पर सूखी लकड़ियों की व्यवस्था कर अलाव जलवाए गए हैं।

शुक्रवार की रात रामनिवास प्रसाद अपने दर्जनभर समर्थकों के साथ हरपुर से लेकर स्टेशन बाजार एवं कस्बा बाजार तक पहुंचे और विभिन्न स्थानों पर सूखी लकड़ियां गिरवाकर अलाव जलवाया। इस दौरान कई कुंतल सूखी लकड़ियों की व्यवस्था की गई, ताकि ठंड से जूझ रहे गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और राहगीरों को राहत मिल सके।

रामनिवास प्रसाद ने बताया कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए यह व्यवस्था निजी स्तर पर की जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अलाव की सुविधा सुनिश्चित की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बाजार आने वाले लोगों को भी ठंड से राहत मिल सके।

इस अवसर पर उनके पिता मार्कण्डेय प्रसाद ने कहा कि जिसके दिल और दिमाग में सेवा का भाव होता है, वही सच्चा जनप्रतिनिधि बनने योग्य होता है। उन्होंने कहा कि ठंड के इस मौसम में जरूरतमंदों की मदद करना ही सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।

बताया जाता है कि शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के अन्य भावी उम्मीदवार भी अपनी-अपनी क्षमता के अनुसार नगर क्षेत्र में अलाव की व्यवस्था करा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य आमजन को ठंड से बचाना और मानवता का संदेश देना है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version