कबड्डी के मैदान में बेटियों का जलवा, भीखमपुर टीम ने मारी बाज़ी

मिर्जामुराद। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आराजी लाइन और सेवापुरी ब्लॉक के 16 गांवों की बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में भीखमपुर गांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आशा ज्ञान पुस्तकालय नागेपुर की टीम द्वितीय और नेवढ़िया गांव की टीम तृतीय स्थान पर रही। मुकाबले पूरे जोश और रोमांच के साथ खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी दर्शक मैच देखने के लिए मौजूद रहे।

समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि अन्य सभी टीमों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर दिवंगत सामाजिक कार्यकर्ता विनय सिंह और ट्रांस महिला अनन्या मिथी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई। लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिकाओं में खेल भावना का विकास करना और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, आशा ट्रस्ट के समन्वयक वल्लभ पांडेय, वनवासी सेवा आश्रम सोनभद्र की शोभा बहन तथा जिला पंचायत सदस्य अमन सिंह ने दीप प्रज्वलन कर किया।

मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने कहा कि बालिकाओं को समान अवसर देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। खेलों के माध्यम से बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। कार्यक्रम में अनीता सोनी, मनीषा, आशा राय, श्यामसुंदर मास्टर, सुनील, पंचमुखी, रामबचन, डॉ. दूधनाथ, मोहम्मद अकरम, नीति, मनीष पटेल, कृष्णदेव पटेल, ग्राम प्रधान मुकेश कुमार नंदन, लौटन, संतलाल, बेबी, सीमा, मधुबाला, चंद्रकला, प्रेमा, मैनबम, पुष्पा, राजकुमारी, शीला, रिया, आशा रानी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अंत में आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version