कस्तूरबा विद्यालयों में दूर ड्यूटी को लेकर महिला PRD जवानों की परेशानी, अधिकारियों को सौंपा पत्र

गाजीपुर। जिले में पीआरडी की महिला जवानों ने अक्टूबर माह में ड्यूटी लगाए जाने की व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। इस संबंध में महिला जवानों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव करने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।महिला जवानों का कहना है कि वे जिले के अलग-अलग विकास खंडों की निवासी हैं, लेकिन अक्टूबर माह में उनकी ड्यूटी मुख्यालय से लगभग 50 से 60 किलोमीटर दूर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में लगा दी गई है। इतनी दूर ड्यूटी होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। महिला जवानों के अनुसार, दूरस्थ क्षेत्रों में तैनाती से समय और आर्थिक खर्च दोनों बढ़ रहे हैं।उन्होंने प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में ड्यूटी करने पर भुगतान मिलने में पांच से छह महीने तक का समय लग जाता है। इसके चलते उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। महिला जवानों ने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालयों में उनकी ड्यूटी को लेकर कई बार असहज स्थिति उत्पन्न होती है और उनकी आवश्यकता नहीं होने की बात कही जाती है।महिला जवानों ने अधिकारियों से मांग की है कि उनकी पारिवारिक परिस्थितियों और आवागमन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए नजदीकी क्षेत्रों में ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही, भुगतान में होने वाली देरी और ड्यूटी आवंटन की व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version