क्रिसमस की पूर्व संध्या पर खूनी संघर्ष, युवक की मौत, गांव में तनाव

गाजीपुर। थाना गहमर अंतर्गत फौजी गांव गहमर में क्रिसमस की पूर्व संध्या पर देर रात बड़ा विवाद सामने आया। सूचना के अनुसार दिनांक 24/25 दिसंबर 2025 की रात ग्राम पंचायत गहमर के खेलू राय पट्टी में दो पक्षों के बीच पूर्व के विवाद को लेकर जमकर मारपीट हो गई। बताया जा रहा है कि घटना में एक पक्ष के तीन लोग शामिल थे, जिन पर दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान विक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। विक्की सिंह के साथ मौजूद दो अन्य युवक लापता बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। एहतियातन मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना की सत्यता की गहन जांच की जा रही है और इस मामले में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ग्रामीण अतुल सोनकर ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि गहमर थाना क्षेत्र में आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना हुई है, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मामले की जांच की जा रही है। अभियोग दर्ज कर लिया जाएगा। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगी हुई हैं। कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version