गाज़ीपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पति की मौत के 5 घंटे बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम

जमानियां/ गाजीपुर। क्षेत्र के टोकवा गांव में गुरुवार को एक हृदय विदारक घटना घटी, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। बीमारी से पति की मौत के महज पांच घंटे बाद पत्नी ने भी वियोग में दम तोड़ दिया। जीवन भर एक-दूसरे का सहारा बने रहे इस दंपती की एक ही दिन विदाई से हर आंख नम हो गई। इस मार्मिक घटना की चर्चा शुक्रवार को पूरे क्षेत्र में होती रही।

टोकवा गांव निवासी 80 वर्षीय बेचू बिंद का गुरुवार सुबह करीब आठ बजे बीमारी के चलते निधन हो गया। पति के निधन की सूचना मिलते ही उनकी पत्नी कौशल्या देवी बेसुध हो गईं। स्वजन जब अंतिम संस्कार की तैयारी कर शव को गांव से बाहर ले जा रहे थे, तभी अचानक खबर आई कि कौशल्या देवी भी पति के वियोग को सहन नहीं कर सकीं और उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

यह सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पिता के शव के साथ श्मशान जा रहे पुत्रों को मां की मौत की खबर पाकर लौटना पड़ा। शाम को पति-पत्नी दोनों के शव एक साथ घर से निकाले गए और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।

मां-पिता दोनों को खोने से पुत्र लक्ष्मण और शत्रुघ्न पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में एक साथ दो मौतों से पूरा परिवार बदहवास नजर आया। विवाहिता पुत्रियां शकुंतला और सुनैना का भी रो-रोकर बुरा हाल था।

ग्रामीणों के अनुसार, बलुआ घाट पर पति-पत्नी का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। बड़े पुत्र लक्ष्मण ने दोनों को मुखाग्नि दी। ग्राम प्रधान राम सहाय ने बताया कि पति की मौत के पांच घंटे के भीतर ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version