गाजीपुर के स्कूलों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान, छात्र-छात्राओं ने ली स्वच्छता की शपथ

गाजीपुर। शासन के निर्देशानुसार जनपद गाज़ीपुर के समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में संचारी रोग नियंत्रण अभियानश् का व्यापक स्तर पर आयोजन किया गया। इस अभियान के क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर के निर्देश पर आज जनपद के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों द्वारा संचारी रोगों से बचाव व स्वच्छता बनाए रखने की सामूहिक शपथ ग्रहण की गई। शपथ ग्रहण के दौरान छात्र-छात्राओं व शिक्षकों ने संकल्प लिया कि वे अपने गाँव, ब्लॉक, जनपद और देश को संचारी रोगों से मुक्त कराने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगे। व्यक्तिगत साफ़-सफ़ाई का ध्यान रखने के साथ ही अपने गाँव और मोहल्ले के वातावरण को स्वच्छ बनाने के लिए जनसामान्य को प्रेरित किया जाएगा। शपथ में रेखांकित किया गया कि संचारी रोग परिवारों के लिए बड़े आर्थिक और शारीरिक नुकसान का कारण बनते हैं। अतः संचारी रोगों के विरुद्ध इस लड़ाई में हर संभव प्रयास कर परिवारों व समुदाय को सुरक्षित रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, आस-पड़ोस में किसी भी व्यक्ति के बुखार से पीड़ित होने पर झाड़-फूँक या अंधविश्वास में न पड़कर तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल में उपचार कराने हेतु प्रेरित किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने बताया कि मौसम में परिवर्तन और जलजमाव के कारण डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। विद्यालयों में स्वच्छता अभियान, जागरूकता रैलियाँ एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग किया जा रहा है ताकि वे समाज में स्वच्छता के संदेशवाहक बन सकें। जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय परिसरों में जलभराव न होने दें और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित रखें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version