गाजीपुर: दहेज हत्या मामले में पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत

गाजीपुर। गाजीपुर जिले के जमानियां सर्किल अंतर्गत नगसर हाल्ट थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका खुशबू के पति समेत तीन आरोपियों को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतका का पति सचिन राजभर, ससुर राम अवध राजभर और सास दुनिया देवी शामिल हैं। पुलिस ने गुरुवार को आरोपियों के घर पर घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया और उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया।

यह घटना बीते मंगलवार देर रात की है, जब 21 वर्षीय खुशबू अपने ससुराल के एक कमरे में हुक के सहारे फंदे से लटकी हुई मिली थी। सूचना मिलने पर नगसर हाल्ट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के पिता संतोष राजभर, निवासी जनपद चंदौली, ने थाना नगसर हाल्ट में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी हत्या की गई है। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में चिकित्सकों ने मौत का कारण हैंगिंग बताया है। रिपोर्ट में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। बताया गया कि खुशबू की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी और वह अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।

इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अनिल कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हैंगिंग से मौत की पुष्टि हुई है। दहेज हत्या के आरोप में पति समेत तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version