गाजीपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) गाजीपुर के तत्वावधान में नगर के रॉयल पैलेस में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, काशी प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष जी एवं जिला संयोजक बृजेश जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पारस नाथ राय ने की। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
प्रांत संगठन मंत्री अभिलाष जी ने प्रस्ताविक संबोधन में आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अभाविप का लक्ष्य शिक्षा के साथ संस्कारों का विकास कर राष्ट्र निर्माण के लिए जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण करना है।
मुख्य अतिथि रमेश जी ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंच प्राण की अवधारणा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यदि विद्यार्थी जीवन में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, कर्तव्यबोध एवं आत्मनिर्भरता जैसे मूल्यों को आत्मसात किया जाए तो युवा शक्ति राष्ट्र की दिशा और दशा बदल सकती है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज का भविष्य हैं और उनका सर्वांगीण विकास ही सशक्त भारत की नींव है।
समारोह के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित लगभग 600 मेधावी विद्यार्थियों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्साह और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पारस नाथ राय ने कहा कि प्रतिभा किसी एक वर्ग की बपौती नहीं होती, आवश्यकता केवल उसे पहचानने और उचित मंच देने की होती है। अभाविप द्वारा किया जा रहा यह प्रयास विद्यार्थियों को आगे बढ़ने तथा समाज और राष्ट्र के लिए कार्य करने की प्रेरणा देता है। शिक्षा और संस्कारों का समन्वय ही सशक्त समाज की आधारशिला है।
इस अवसर पर जिला संघचालक जयप्रकाश जी, जिला प्रचारक प्रभात जी, नगर प्रचारक विक्रम जी की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही कामदेश्वर सिंह (पूर्व प्रदेश सहमंत्री), बृजेश सिंह, शिवांशु सिंह, प्रभात सिंह, अंकिता यादव, रोशन यादव, काजल कुशवाहा, अमृता राय, नीतीश दूबे, अंकित जायसवाल, विपुल सहित बड़ी संख्या में अभाविप कार्यकर्ता एवं अभिभावक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला संयोजक बृजेश जी द्वारा किया गया। समारोह का समापन राष्ट्र निर्माण के संकल्प एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ किया गया।

