गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा सुभाष इंटरमीडिएट कॉलेज, फतेहुल्लापुर में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने की अपील की गई।
टीएसआई ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा का महत्वपूर्ण दायित्व है। बच्चों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आमजन को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।


