गाजीपुर। लंका रोड पर जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल से जल अभियान का कार्य कराने के लिए रखी गई पाइपों की स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। चौचकपुर जीप स्टैंड के पास पाइपें कूड़े के ढेर के बीच पड़ी हुई हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कूड़े के साथ-साथ पाइपें भी जल रही हैं, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने की आशंका है।हैरानी की बात यह है कि योजना के तहत इस्तेमाल के लिए रखी गई इन पाइपों की उचित देखरेख और सुरक्षा की व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। आरोप है कि इस मामले में न तो सक्षम अधिकारी ध्यान दे रहे हैं और न ही कोई जिम्मेदार व्यक्ति संज्ञान ले रहा है।सरकारी योजना से जुड़ी सामग्री की इस तरह अनदेखी होने से विभागीय व्यवस्था और सरकारी संपत्ति के रखरखाव पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी कब मामले का संज्ञान लेते हैं और पाइपों की सुरक्षा एवं उचित रखरखाव के लिए क्या कदम उठाते हैं


