गाजीपुर में फुटपाथ अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त, दुकानदारों को अंतिम चेतावनी

गाजीपुर: नगर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ प्रशासन और नगर पालिका ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को एएसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धीरेंद्र राय ने विशेश्वरगंज, मिश्रबाजार और रौजा इलाकों में पहुंचकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को अंतिम चेतावनी दी।

अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दुकानदार स्वयं अपने स्तर से फुटपाथ से अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा रविवार को विशेष अभियान चलाकर सामान जब्त कर लिया जाएगा। अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद रहने से अतिक्रमणकारियों में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। चेतावनी के बाद कई दुकानदारों ने खुद ही फुटपाथ से अपनी दुकानें हटानी शुरू कर दीं।

नगर के लंका, विशेश्वरगंज, मिश्रबाजार, लालदरवाजा, रौजा, टाउनहाल और चीतनाथ क्षेत्रों में लंबे समय से फुटपाथ पर दुकानों के कारण आम लोगों को जाम और आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जनसमस्या को देखते हुए दैनिक जागरण के 29 दिसंबर के अंक में “फुटपाथ पर दुकान, जाम से जनता परेशान” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी, जिसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर में अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए।

इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की घोषणा कराई गई। अधिकारी स्वयं एक-एक दुकानदार के पास पहुंचे और समझाया कि निर्धारित स्थानों पर दुकान लगाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई तय है।

अधिकारियों ने ईदगाह के पास दुकान लगाने वाले दुकानदारों को ओवरब्रिज के नीचे दुकान शिफ्ट करने का निर्देश दिया, जबकि मिश्रबाजार और रौजा क्षेत्र के दुकानदारों को फुटपाथ से हटकर चिन्हित स्थानों पर दुकान लगाने को कहा गया, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चेतावनी के बावजूद यदि किसी ने अतिक्रमण नहीं हटाया तो रविवार को अभियान चलाकर सामान जब्त किया जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version