गाजीपुर। सत्य और धर्म की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले गुरु गोविंद सिंह के छोटे साहिबजादों बाबा फतेह सिंह (6 वर्ष) और बाबा जोरावर सिंह (9 वर्ष) के 321वें बलिदान दिवस ‘वीर बाल दिवस’ के अवसर पर भाजपा जिला कार्यालय, छावनी लाइन में विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने की। इस अवसर पर वीर बाल शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के नागरिकों में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए इतिहास और महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेने पर बल देते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह ने अत्यंत कम उम्र में भी धर्म और सत्य से समझौता नहीं किया। उनका बलिदान साहस, आत्मसम्मान और धर्मनिष्ठा का अमर संदेश देता है।
पूर्व जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि वीर बालकों का बलिदान इतिहास के स्वर्णिम अध्यायों में दर्ज है और यह आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि हमें ऐसे राष्ट्र के निर्माण का संकल्प लेना चाहिए, जहां धर्म की रक्षा के लिए किसी बालक को बलिदान न देना पड़े। पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेंद्र राय ने कहा कि किसी भी देश का इतिहास उसका दर्शन होता है और वीर बाल शहीदों के बलिदान को स्मरण कर उनके आदर्शों को जीवंत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख सीता सिंह, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने किया। कार्यक्रम के पश्चात भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लाल दरवाजा स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर वीर बाल शहीदों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

