गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य पूरा, 31 दिसंबर को होगा लोकार्पण

गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग कई दशकों से जर्जर स्थिति में था। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण प्रतिदिन पाँच से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते थे। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन बाधित रहता था और अक्सर लंबा जाम लग जाता था।

समस्या को गंभीरता से लेते हुए शासन ने 35 किमी लंबे इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए 89.6 करोड़ रुपये की स्वीकृति लोक निर्माण विभाग को प्रदान की थी। विभाग ने मार्च 2024 में सड़क के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू किया। कार्य पूरा करने की समयसीमा सितंबर 2024 तय थी, लेकिन महाकुंभ एवं बारिश के कारण विभाग ने छह माह की बढ़ोत्तरी कर दी। अब विभाग 31 दिसंबर को इस मार्ग का लोकार्पण करेगा, जिससे लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग स्टेट हाईवे के रूप में दर्ज है। यह मार्ग तीन ब्लॉक, दो नगर पंचायत और तीन अंतर्जनपदीय मार्गों को जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करता है। साथ ही दो सौ से अधिक गांवों और मजरों के लोग इसी मार्ग से फतेहपुर, गाजीपुर, असोथर, विजयीपुर और खागा बाजार आते-जाते हैं। असोथर इंटर कॉलेज और गाजीपुर इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राएं भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। अब मार्ग के चौड़ीकरण और जीर्णोद्धार के बाद इन सभी को बड़ी राहत मिलेगी।

लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार शील के अनुसार, “गाजीपुर–विजयीपुर मार्ग का कार्य अंतिम चरण में है। 31 दिसंबर को लोकार्पण किया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में कोई दिक्कत न हो।”


रहिमालन बाबा और गोधनदेव मंदिर का होगा जीर्णोद्धार

हुसेनगंज विधानसभा क्षेत्र के रहिमाल का पुरवा (जमरावां) स्थित प्राचीन रहिमालन बाबा मंदिर और गोधरौली स्थित गोधनदेव मंदिर के जीर्णोद्धार एवं विकास की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है।

पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह ने इन धार्मिक स्थलों के विकास हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग उठाई थी। मांग स्वीकृत होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से भेंटकर आभार व्यक्त किया।

पूर्व मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने दोनों धार्मिक स्थलों के लिए योजनाबद्ध डिजाइन, मानचित्र और तकनीकी विवरण मांगे हैं। तय समय में निगम द्वारा डीपीआर तैयार की जा रही है। सरकार ने गोधरौली स्थित गोधनदेव मंदिर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है, जिसके अनुरूप पर्यटन विकास निगम योजना तैयार कर रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version