गाजीपुर: स्कॉर्पियो–ट्रैक्टर टक्कर में युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

गाजीपुर। रेवतीपुर थाना क्षेत्र के हसनपुरा गांव निवासी राहुल कुमार गुप्ता (25) की सड़क हादसे में मौत हो गई। रामगढ़ (बिहार) से लौटते समय उनकी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो एक ट्रैक्टर से टकरा गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हसनपुरा गांव निवासी राहुल कुमार गुप्ता, पुत्र तारकेश्वर गुप्ता, मां कामाख्या धाम परिसर में दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार रात वह बिहार के रामगढ़ में एक तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात वापस लौटते समय उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से भिड़ गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहुल की असमय मृत्यु की खबर से पत्नी संध्या और परिजनों में कोहराम मच गया। राहुल की एक माह की दूधमुंही बच्ची है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

पूर्व प्रधान दीनबंधु राय ने राहुल को मिलनसार और मृदुल स्वभाव का युवक बताते हुए कहा कि उनकी असमय मौत से क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version