गाजीपुर: हाई टेंशन तार की चपेट में आकर किशोर की मौत, गांव में मातम

रेवतीपुर (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के उतरौली गांव के सलिमपुर डेरा के पास रविवार दोपहर हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से 16 वर्षीय जान मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जान मोहम्मद अपने बड़े पापा के घर आयोजित होने वाले बरछा कार्यक्रम की तैयारियों में जुटा था। दोपहर में वह टेंट लगाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां मीना खातून घटना की खबर सुनते ही बेसुध हो गईं। पिता कलीम, जो भट्टे पर मजदूरी करते हैं, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष राजू दिवाकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version