उत्तर प्रदेश। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन तहसील अध्यक्ष कासिमाबाद जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में दिया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
एसोसिएशन ने बताया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों का प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है। संगठन की शाखाएं प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों और 551 तहसीलों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को अब तक सरकारी स्तर पर पर्याप्त सुविधाएं, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ज्ञापन में प्रमुख मांग के रूप में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी उस शासनादेश में संशोधन की मांग की गई है, जिसके तहत तहसील स्तर के संवाददाताओं को मान्यता प्रदान की जाती है। एसोसिएशन ने सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं को मान्यता दिए जाने की मांग की है।
इसके अलावा ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने, प्रदेश स्तरीय पत्रकार मान्यता समिति और विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के दो प्रतिनिधियों को सदस्य बनाए जाने की मांग भी रखी गई। एसोसिएशन ने राजधानी लखनऊ स्थित दारुलशफा में संगठन के कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं के अध्ययन और समाधान के लिए एक ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की भी मांग की है।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजेश चौरसिया, राहुल सिंह, महामंत्री राजेश कुशवाहा, धर्मेंद्र कुमार, सत्यप्रकाश सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

