घोसी उपचुनाव में सुजीत सिंह की जीत तय, ब्राह्मणों से सपा में आने का आह्वान – शिवपाल यादव

गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने मऊ जनपद के घोसी की रिक्त विधानसभा सीट को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि घोसी से स्वर्गीय विधायक सुधाकर सिंह के बेटे सुजीत सिंह ही चुनाव लड़ेंगे और उनकी जीत पक्की है। शिवपाल यादव ने गाजीपुर में बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुजीत सिंह का टिकट फाइनल कर दिया है। शुक्रवार को गाजीपुर पहुंचे सपा के कद्दावर नेता शिवपाल यादव सपा विधायक और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह के यहां उनके भतीजे रघुराज प्रताप सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। शिवपाल यादव ने यूपी भाजपा के ब्राह्मण विधायकों की बैठक पर निशाना साधते हुए कहा कि मैने आह्वान किया है कि भाजपा से पीड़ित जितने भी ब्राह्मण हैं, वे समाजवादी पार्टी में आ जाएं। सपा उनका स्वागत और सम्मान करेगी। उन्नाव पीड़िता के सवाल पर शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधायक कुलदीप को छुड़ाया है, अब वही उसकी रक्षा करे, क्योंकि प्रदेश में भाजपा की ही सरकार है। वहीं, इस मामले में ओमप्रकाश राजभर के हंसने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि आगामी चुनाव में महिलाएं और उत्तर प्रदेश की जनता इसका करारा जवाब देगी। शिवपाल यादव के इन बयानों से घोसी उपचुनाव और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी और तेज हो गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version