डम्पर ने 13 वर्षीय बालिका को कुचला, मौके पर हुई दर्दनाक मौत

गाजीपुर । मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के रघुबरगंज गांव में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज रफ्तार डम्पर ने 13 वर्षीय बालिका सोनाली गोंड को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को शोक और सदमे में डाल दिया।
खबर को सुनते ही परिवार के साथ ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा चारों ओर चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बालिका के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सोनाली गोंड पुत्री बब्लू गोंड सुबह दुकान से सामान लेकर पैदल ही घर की ओर लौट रही थी। जैसे ही वह हाटा पुल के पास पहुंची, तेज गति से आ रहे डम्पर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम सोनाली ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सोनाली गोंड अपने परिवार में तीसरे नंबर पर थी। परिवार में पाँच बहनें और एक भाई हैं। पिता बाहर प्राइवेट नौकरी करते हैं और परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसे में इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है, घर में कोहराम मचा हुआ है। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आए दिन खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही, घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर लगाने और भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लगाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लग सके।रघुबरगंज गांव में मासूम सोनाली की असमय मौत ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में अब भी मातम और शोक का माहौल व्याप्त है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version