डिजिटल पहचान की ओर मछुआरे; सकरा में NFDP पंजीकरण शिविर, सैकड़ों ने कराया रजिस्ट्रेशन

गाजीपुर। भारत सरकार की प्रमुख पहल नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) के अंतर्गत मत्स्य पालन विभाग के निर्देशानुसार सदर ब्लॉक की सकरा ग्राम सभा में एक दिवसीय NFDP पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अपर सांख्यिकी मंडलीय अधिकारी सौरव साहू ने किया। उन्होंने मछुआरों को बताया कि NFDP भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य मछली उत्पादकों, विक्रेताओं एवं संबंधित उद्योगों को डिजिटल पहचान, पंजीकरण, संस्थागत ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर मत्स्य विभाग गाजीपुर के अधिकारी आनंद कुमार जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत सहायता और बीमा का लाभ मछुआरों तक आसानी से पहुंचाने के लिए NFDP प्लेटफॉर्म विकसित किया गया है। इच्छुक लाभार्थी NFDP पोर्टल, मोबाइल ऐप अथवा CSC केंद्रों के माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि आगे भी विभिन्न ग्रामों में ऐसे पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविर में CSC संचालक परवेज खान ने ग्राम सभा सकरा के मछुआरों का पंजीकरण किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य मछुआरों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना और लघु मछली उद्योगों को औपचारिक रूप देना है।
इस पंजीकरण शिविर में सैकड़ों की संख्या में मछुआरों ने पहुंचकर NFDP के तहत अपना पंजीकरण कराया और सरकार की योजनाओं से जुड़ने में उत्साह दिखाया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version