डीटी ब्रांच लाइन पर टला बड़ा रेल हादसा, पैसेंजर ट्रेन के इंजन का ब्रेक हुआ जाम

रेवतीपुर (गाजीपुर)। डीटी ब्रांच लाइन पर रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। ताड़ीघाट स्टेशन से दिलदारनगर जंक्शन के लिए रवाना हुई पैसेंजर ट्रेन संख्या 53644 के इंजन का ब्रेक अचानक जाम हो गया, जिससे यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन रविवार सुबह 9 बजकर 45 मिनट पर जैसे ही ताड़ीघाट स्टेशन से आगे बढ़ी, उसी दौरान इंजन का ब्रेक जाम हो गया और एक्सल से चिंगारी निकलने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट और गार्ड ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल ट्रेन को रोक दिया और इसकी सूचना कंट्रोल रूम तथा संबंधित रेलवे अधिकारियों को दी।

सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और इंजन में आई खराबी को दूर करने का कार्य शुरू किया। आवश्यक मरम्मत के बाद ट्रेन को करीब 27 मिनट की देरी से सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर दिलदारनगर जंक्शन के लिए रवाना किया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, समय रहते ट्रेन रोके जाने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version