तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, बहन के घर खिचड़ी देने जा रहे थे भाई

गाजीपुर। शादियाबाद थाना क्षेत्र के कस्बा दयालपुर में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक अपनी बहन के घर खिचड़ी देने जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बस ने उनकी मोटरसाइकिल को रौंद दिया।

मृतकों की पहचान अजय राजभर और इन्द्रजीत राजभर के रूप में हुई है। दोनों आजमगढ़ जनपद के भरथीपुर गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई मोटरसाइकिल से इन्द्रपुर छीड़ी गांव स्थित अपनी बहन के घर खिचड़ी लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे दयालपुर कस्बे में पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शादियाबाद पुलिस भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दयालपुर मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बना रहता है और इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल, ब्रेकर और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

इस हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का कहना है कि यह एक असमय और अत्यंत दुखद घटना है, जिसने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version