दबंग ने मारी युवक के सीने में गोली, हालत गंभीर, चार नामजद

गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उस समय सनसनी फैल गई जब प्रसाद ग्रहण कर घर लौट रहे एक युवक को दबंग ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। मामले में एसपी सिटी डॉ राकेश मिश्रा ने बताया कि आपसी रंजिश में विशाल नाम के युवक को कल देर शाम में गोली लगी है। जिससे वो घायल हो गया है। इलाज के लिए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है। गोली से घायल विशाल यादव कुछ दिन पहले जेल से छूटकर आया था। गोली कांड मामले में घायल के पिता की तहरीर पर 4 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। वहीं घटना के बाबत बताया जा रहा है कि जंगीपुर थाना क्षेत्र के मदारपुर गांव में सात दिवसीय यज्ञ का आयोजन चल रहा था और सोमवार को उसकी पूर्णाहुति थी। इसी दौरान गांव निवासी 23 वर्षीय विशाल यादव प्रसाद ग्रहण कर घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव के ही गोल्डेश यादव ने राइस मिल के पास विशाल को घेर लिया और उसके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक मौके पर ही गिर पड़ा, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल मेडिकल कॉलेज गाजीपुर ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित के पिता रामाश्रय यादव का आरोप है कि उनके बेटे और आरोपी के बीच पहले से रंजिश चल रही थी, इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि घटना के बाद जब रामाश्रय यादव घर से बाहर निकले तो आरोपी ने उन पर भी फायरिंग कर दी, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ जंगीपुर थाने में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

   

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version