दुष्कर्म के आरोपियों को 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

गाजीपुर। सादात स्थानीय पुलिस ने दुष्कर्म के दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि सादात एसओ वागीश विक्रम सिंह और मखदुमपुर चौकी प्रभारी पुनीत चौधरी हमराहियों संग शनिवार देर रात करीब दो बजे गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि स्टेशन पर महिला संग दुष्कर्म के आरोपी सवास मोड़ के पास एक बंद पड़े ईंट भट्ठे के पास मौजूद हैं। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी फायरिंग शुरू कर भागने लगे। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की।
पुलिस की गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए और उन्हें पकड़ लिया गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादात ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा और तीन खोखा कारतूस बरामद किए।
एसओ ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी राहुल राजभर (24) और अरुण यादव (25) हैं। इनके खिलाफ 17 जनवरी की दोपहर को स्थानीय थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया था। पीड़िता के ससुर लाल मुहम्मद उर्फ मुनौव्वर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि 16 जनवरी की रात उनके बेटे और बहू रेलवे स्टेशन पर थे। इसी दौरान सादात नगर के वार्ड नौ राजभर बस्ती निवासी राहुल राजभर और मरदापुर निवासी अरुण यादव ने उनकी बहू के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की गई थीं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version