धारदार हथियार से किसान की हत्या

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के ग्राम बूढ़नपुर में 48 वर्षीय महेन्द्र यादव की धारदार हथियार से सिर कूचकर हत्या कर दी गई। बुधवार की देर शाम हुई घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर देर रात पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पर भेज दिया। इस मामले में मृतक के छोटे भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार बूढ़नपुर निवासी देवसरन यादव के चार पुत्रों में दूसरे नंबर के पुत्र महेन्द्र यादव नहर के निकट स्थित ट्यूबवेल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित घर से खाना लेने के लिए साइकिल से जा रहे थे। इसी दरम्यान रास्ते में किसी ने उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला करते हुए मौत के घाट उतार दिया। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। रात आठ बजे तक जब वह रोजाना की तरह खाना लेने के लिए जब घर नहीं पहुंचे, तो उनके छोटे भाई जयप्रकाश मोटरसाइकिल से हेलमेट लगाकर खाना पहुंचाने के लिए ट्यूबवेल पहुंचे, तो वहां मौजूद परिजनों ने बताया कि वह तो खाना लाने के लिए घर गए हैं। काफी खोजबीन के बाद रास्ते में साइकिल समेत उनका शव सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों द्वारा हत्या की सूचना पाकर सादात के साथ ही बहरियाबाद थाने की पुलिस और सैदपुर सीओ रामकृष्ण तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेन्द्र राम मिश्रा ने बताया कि ने मृतक के भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उधर मृतक की पत्नी मंजू देवी, पुत्री सुगंधा, खुशी, पुत्र शुभम और मां देवुर्फ जुगरी देवी का रो रोकर बुरा हाल है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version