नकाबपोश हमलावरों ने युवक की लाठी-डंडों से पिटाई

गाजीपुर। सादात थाना क्षेत्र के कटयां गांव में सोमवार देर शाम चार नकाबपोश हमलावरों ने एक युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। युवक के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों ने दावा किया है कि हमलावरों ने युवक के पैर में गोली भी मारी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए सैदपुर सीएचसी भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, कटयां गांव निवासी सेवानिवृत्त रेलवे गार्ड गोरखनाथ राय के घर पर उनकी पुत्री उषा राय के देवर विजय प्रताप राय का 25 वर्षीय पुत्र सूर्यांश उर्फ आकाश राय रहता है। सोमवार रात करीब आठ बजे सूर्यांश अहाते में बंधी भैंस की रस्सी खुलने की आवाज सुनकर उसे बांधने गया था। इसी दौरान मुंह बांधे चार लोगों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सूर्यांश के मुताबिक, हमलावरों ने उसके पैर में गोली मारी, जिससे वह जमीन पर गिर गया और हमलावर फरार हो गए। उषा राय ने इस घटना के पीछे जमीनी विवाद को कारण बताया है और रिश्तेदारों पर ही हमला करने का आरोप लगाया है। उप निरीक्षक सुरेंद्र राम मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सूर्यांश को सैदपुर सीएचसी भिजवाया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र राम मिश्रा ने बताया कि अभी तक इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version