नन्दगंज को तहसील-नगर पंचायत बनाने की मांग, सरजू पांडे पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन

गाजीपुर। नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत घोषित करने समेत तीन प्रमुख मांगों को लेकर मंगलवार को “नन्दगंज तहसील बनाओ–नगर पंचायत बनाओ संघर्ष मोर्चा” के तत्वावधान में शहर के सरजू पांडे पार्क में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह उर्फ मोती सिंह की अध्यक्षता में आयोजित आंदोलन में क्षेत्र के विकास और मूलभूत सुविधाओं को लेकर आवाज बुलंद की गई।धरने के बाद मोर्चा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के नाम संबोधित तीन सूत्रीय ज्ञापन नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र श्रीवास्तव को सौंपा। ज्ञापन में नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा देने, 132 केवी विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने तथा गाजीपुर से नन्दगंज होकर गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की गई।मोर्चा संयोजक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि नन्दगंज विकास की दौड़ में पीछे छूट गया है। उन्होंने 1942 के स्वतंत्रता आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि नन्दगंज के नौजवानों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष करते हुए बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ऐतिहासिक योगदान के बावजूद आजादी के बाद से नन्दगंज अपेक्षित विकास से वंचित रहा है।उन्होंने कहा कि नन्दगंज को औद्योगिक क्षेत्र घोषित किए जाने के बावजूद जर्जर सड़कें, विद्युत व्यवस्था की समस्याएं और एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव का अभाव निवेश और रोजगार के रास्ते में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने तीनों मांगों को क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक बताया।सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव ने कहा कि बदली हुई भौगोलिक और सामाजिक परिस्थितियों को देखते हुए नन्दगंज को तहसील एवं नगर पंचायत का दर्जा दिया जाना जरूरी है। इससे विकास और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा नौजवानों का पलायन रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन मांगों को पूरा कराया जाएगा।भाकपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमेरिका यादव ने नन्दगंज को तहसील और नगर पंचायत बनाने की मांग को स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान से भी जोड़ते हुए समर्थन दिया। वहीं देवकली ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सच्चे लाल यादव ने कहा कि तहसील और नगर पंचायत बनने से लोगों को राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में सुविधा के साथ शहरी सुविधाएं भी मिलेंगी।धरने को कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष शशिकांत यादव, सेंट्रल बार संघ अध्यक्ष शिवशंकर यादव और जिला पेंशनर कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव समेत कई लोगों ने समर्थन दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक, सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन अभिनव सिंह ने किया। अंत में मोर्चा अध्यक्ष उमाकांत सिंह ने धरने में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version