कुरारा में पतारा गांव को जाने वाले मार्ग पर सड़क के दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियों के कारण आवागमन में परेशानी हो रही थी। इन झाड़ियों, विशेषकर विलायती बबूल की, सड़क की ओर झुक जाने से मार्ग की चौड़ाई काफी कम हो गई थी। इससे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था।
इस समस्या को लेकर 13 अगस्त को दैनिक भास्कर न्यूज ऐप पर एक खबर प्रकाशित की गई थी।
दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद पतारा मार्ग के दोनों ओर उगी कंटीली झाड़ियों की जेसीबी मशीन से कटाई-छंटाई कराई गई। झाड़ियों की सफाई होने से सड़क का रास्ता अब पहले से अधिक खुला हो गया है।
इस कार्रवाई से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क किनारे झाड़ियों के बढ़ने से विशेषकर रात के समय वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने में भी दिक्कत आती थी।
गांव निवासी रम्मू प्रजापति, उदित श्रीवास, श्यामजी तिवारी, दीपू द्विवेदी, वीरेंद्र सिंह, रामकिशोर कुशवाहा, आदि ने बताया कि अब झाड़ियों की छंटाई होने से मार्ग अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है।


