
गाजीपुर । सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत मजुई मुसहर बस्ती के पास शुक्रवार की शाम बाइक और बोलेरो की टक्कर में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने तहरीर देकर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है।जानकारी के अनुसार बिजली विभाग के जेई मनोज पटेल विद्युत उपकेंद्र से सादात की तरफ आ रहे थे। इसी दरम्यान मजुई मुसहर बस्ती के पास सादात की तरफ से तेज गति से आ रहा बाइक सवार बोलेरो गाड़ी में सामने से भिड़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार योगेन्द्र राम निवासी खड़बाडीह थाना शादियाबाद को आसपास के लोगों की मदद से उसे सीएचसी भिजवाया। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने जेई के क्षतिग्रस्त गाड़ी और बाइक को कब्जे में ले लिया था। इलाज के दौरान घायल योगेन्द्र राम ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एसओ बागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक के पत्नी हीरावती देवी की तहरीर के आधार पर गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

