गाजीपुर। बेंगलुरु में ब्रह्मऋषि समाज, कर्नाटक बिहारी समाज एवं उत्तर प्रदेश ब्रह्मर्षि समाज द्वारा 9 मार्च को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिहार एवं उत्तर प्रदेश के प्रवासी समाज के लोग तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्षेत्र के बीरपुर गांव निवासी समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव (कर्नाटक) आशीष कुमार राय को बेंगलुरु में उनके द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों, समाज के प्रति उनके समर्पण एवं सक्रिय योगदान को देखते हुए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्मऋषि समाज, बेंगलुरु के अध्यक्ष श्री सत्येंद्र सिंह, सचिव श्री मुकुल भारद्वाज, संयुक्त सचिव श्री हेमंत शर्मा तथा उपाध्यक्ष श्री अरुण ओझा सहित समाज के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी वक्ताओं ने होली के पावन अवसर पर समाज में भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया। साथ ही यह भी कहा गया कि समाज के हित में इस प्रकार के सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आगे भी आयोजित होते रहेंगे। यह सम्मान न केवल आशीष कुमार राय के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश तथा बिहार-उत्तर प्रदेश के ब्रह्मर्षी समाज के लिए गर्व और गौरव का क्षण है।

