मनरेगा श्रमिकों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक, संघ ने चलाया सदस्यता अभियान

दुल्लहपुर (गाजीपुर)। दुल्लहपुर क्षेत्र की ग्राम सभा चुरामनपुर में मनरेगा मजदूर संघ के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय ‘काम मांगो अभियान’ को सफल बनाने के उद्देश्य से मनरेगा श्रमिकों की सदस्यता कराई गई तथा उनसे लेबर डिमांड के आवेदन भरवाए गए।

इस अवसर पर मनरेगा मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह यादव ने कहा कि संघ द्वारा की जाने वाली सदस्यता एक वर्ष के लिए वैध होती है। उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़ने वाला प्रत्येक मनरेगा श्रमिक अपने हक और अधिकार की लड़ाई में अकेला नहीं रहता, बल्कि मनरेगा मजदूर संघ उसके साथ खड़ा होकर उसे उसका अधिकार दिलाने का कार्य करता है।

वहीं जिला महासचिव मनभाऊ राजभर ने कहा कि मनरेगा श्रमिकों का वास्तविक हित मनरेगा मजदूर संघ के बैनर तले ही सुरक्षित है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में श्रमिकों से संगठन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि इतिहास गवाह है कि बिना संघर्ष के अधिकार नहीं मिलते, इसलिए संगठित होकर एकजुटता के साथ संघर्ष करना समय की आवश्यकता है।

ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभान राजभर ने कहा कि जब से मनरेगा मजदूर संघ ब्लॉक में सक्रिय हुआ है, तब से संगठित ग्राम सभाओं के माध्यम से श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि संगठन मनरेगा श्रमिकों के हक और अधिकार की लड़ाई को अंतिम पायदान तक लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में राजी चौहान, सुमन चौहान, यासमीन बेगम, नीलम राजभर, धर्मेंद्र विश्वकर्मा, पुरेंद्र कुमार, सुनीता देवी, इंदु देवी सहित ग्राम सभा के अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में मनरेगा श्रमिक उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version