मरदह–कासिमाबाद क्षेत्र में दो बदमाश धराए, पिस्टल व लूट का माल बरामद

ग्रामीणों के साहस से नाकाम हुई लूट की वारदात

गाजीपुर। जनपद के मरदह एवं कासिमाबाद थाना क्षेत्रों में ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया। उनके पास से एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक अवैध पिस्टल तथा लूटे गए सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, पल्सर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने चौरा गांव निवासी राजन राजभर (पुत्र सोचा राजभर) से लूट की। राजन बनारस से दवा लेकर लौट रहे थे और वेदविहारी पोखरा के पास बस से उतरकर पैदल अपने गांव जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से पहुंचे बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया और फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल पृथ्वीपुर गांव में अपने रिश्तेदारों को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही पृथ्वीपुर गांव से होकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने घेराबंदी कर लिया। शोर सुनकर आसपास के खेतों व मार्गों पर मौजूद ग्रामीण भी सक्रिय हो गए।

खुद को घिरा देख बदमाशों ने पल्सर बाइक छोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर उन्हें चारों ओर से घेर लिया और पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची मरदह थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध पिस्टल तथा लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

कासिमाबाद क्षेत्राधिकारी अनुभव ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर अपराधी प्रतीत हो रहे हैं। उनसे गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य लूट की घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है। बरामद गहनों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, दोनों युवक बहादुरगंज क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने उन्हें बृहस्पतिवार की रात करीब आठ बजे पकड़ा और कुछ समय बाद रात लगभग दस बजे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version