गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे वैन में सवार 9 बच्चे घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत स्थिर बताई गई। यह हादसा सुबह करीब 9 बजे मरदह थाना क्षेत्र के पड़िता गांव में हुआ। बताया गया कि डालम्मिन स्कूल, मऊ की वैन बच्चों को लेने जा रही थी। इसी दौरान गांव के वार्ड नंबर 7 स्थित काली माता मंदिर के पास अचानक एक मवेशी सामने आ गया। मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक जितेंद्र ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे स्कूल वैन सड़क किनारे करीब तीन फीट गहरी खाई में पलट गई।
वैन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण व राहगीर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित वैन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों के अभिभावक भी मौके पर और अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों द्वारा उपचार के बाद सभी बच्चों को खतरे से बाहर बताया गया, जिसके बाद अभिभावक उन्हें अपने साथ घर ले गए।

