महान गीतकार गोपाल दास नीरज की जयंती पर माल्यार्पण व विचार गोष्ठी आयोजित

गाजीपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा गाजीपुर के तत्वावधान में महासभा के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव के चंदन नगर स्थित आवास पर महान गीतकार, कवि एवं साहित्यकार गोपाल दास नीरज की जयंती के अवसर पर माल्यार्पण कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं सदस्यों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।

विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने गोपाल दास नीरज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नीरज जी हिंदी साहित्य के अप्रतिम रचनाकार, संवेदनशील कवि, शिक्षक और महान गीतकार थे। उन्होंने हिंदी साहित्य और फिल्मी गीतों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी।

उन्होंने बताया कि गोपाल दास नीरज ऐसे पहले साहित्यकार थे जिन्हें शिक्षा एवं साहित्य के क्षेत्र में दो-दो बार पद्मश्री और पद्मभूषण जैसे प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा गया। फिल्मी गीत लेखन के लिए उन्हें तीन बार फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला। समाजवादी पार्टी की पूर्ववर्ती सरकार में उन्हें भाषा संस्थान का अध्यक्ष नामित किया गया, जहां उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त हुआ, साथ ही उन्हें यश भारती सम्मान से भी अलंकृत किया गया।

अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि नीरज जी की रचनाओं का संसार इतना व्यापक और गहन है कि उनके चाहने वाले उन्हें सदैव अपने दिलों में जीवित रखेंगे। उनकी कविताएं और गीत आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरणा देते रहेंगे।

इस अवसर पर मोहनलाल, अनूप श्रीवास्तव, अश्विनी श्रीवास्तव, सुधांशु, चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, मनीष श्रीवास्तव, हिमांशु, प्रियांशु, हर्ष, आर्यन, मेघा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन अरुण सहाय ने किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version