गाजीपुर : यूपी एसटीएफ का बड़ा एक्शन, इंटर अंग्रेजी परीक्षा में सॉल्वर समेत प्रिंसिपल गिरफ्तार

गाजीपुर। यूपी एसटीएफ की टीम ने यूपी बोर्ड परीक्षा के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए सॉल्वर गैंग का भंडाफोड़ किया है। इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान एसटीएफ ने छापा मारकर एक सॉल्वर को रंगे हाथों पकड़ा, जो दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दे रहा था। इतना ही नहीं, कॉलेज के प्रिंसिपल को भी मिलीभगत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मामला गाजीपुर जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित भगेलू दास इंटर कॉलेज बहलोलपुर का है। जानकारी के मुताबिक यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट अंग्रेजी की परीक्षा के दौरान नकल कराए जाने की शिकायत एसटीएफ को मिली थी। शिकायत के आधार पर एसटीएफ की टीम ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान शिवम यादव नामक युवक को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि यह पूरा खेल सुनियोजित तरीके से चल रहा था। बताया जा रहा है कि कॉलेज के प्रिंसिपल विंध्याचल यादव की मिलीभगत से परीक्षा केंद्र पर नकल कराई जा रही थी। एसटीएफ ने मौके से ही प्रिंसिपल विंध्याचल यादव और सॉल्वर शिवम यादव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version