राष्ट्रीय बालिका दिवस पर गाज़ीपुर में बालिका कबड्डी टूर्नामेंट, 12 टीमों ने दिखाया जज़्बा

गाज़ीपुर। राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर ग्रामीण विकास संस्थान, गाज़ीपुर की ओर से नेहरू स्टेडियम में “बालिका कबड्डी टूर्नामेंट 2026” का भव्य और उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं को खेलों के माध्यम से प्रोत्साहित करना, उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा बालिका अधिकारों, समान अवसरों और सशक्तिकरण को लेकर समाज में जागरूकता फैलाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका गाज़ीपुर की अध्यक्ष श्रीमती सरिता अग्रवाल एवं ग्रामीण विकास संस्थान के संस्था प्रमुख श्री शमीम अब्बासी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित जनसमुदाय और प्रतिभागी बालिकाओं को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।

टूर्नामेंट में बारा, चवर, रतनपुरा और सदर ब्लॉक मनिहारी से कुल 12 टीमों ने हिस्सा लिया। मैचों के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था की असिस्टेंट डायरेक्टर फरहीन अब्बासी ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामीण विकास संस्थान वर्ष 1989 से महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रहा है। संस्था आठ जनपदों में “हमारी बेटियां हमारा गौरव” कार्यक्रम के माध्यम से किशोरियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।

डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर प्रोबेशन ऑफिस की नेहा राय ने कहा कि समाज में लड़का और लड़की के बीच किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए। जब बालिकाओं को समान अवसर मिलते हैं, तभी वे अपनी प्रतिभा को पूरी तरह निखार पाती हैं।

कार्यक्रम में सीडब्ल्यूसी की चेयरपर्सन श्रीमती सीमा पाठक, सदस्य देवाशीश, नेहरू युवा केंद्र के उपनिदेशक कपिल देव शास्त्री, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, डीडीओ सुभाष चंद्र सरोज, स्पोर्ट्स ऑफिसर अरविंद यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

फाइनल मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए बारा-चवर ब्लॉक की “नई उड़ान टीम” ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रतनपुरा ब्लॉक की “इंदिरा गांधी टीम” उपविजेता रही, जबकि मनिहारी ब्लॉक की “रानी लक्ष्मीबाई टीम” ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को क्रमशः ₹5000, ₹3000 और ₹2000 की नकद राशि, प्रशस्ति पत्र और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण कपिल देव शास्त्री द्वारा किया गया।

आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीण विकास संस्थान की टीम का विशेष योगदान रहा। शाकिर, अर्शी फातिमा, फरहीन, सबा अब्बासी, फैजान अहमद, आमिर, साजिद सहित सभी सदस्यों और ब्लॉक मोबिलाइजेशन कोऑर्डिनेटर्स की सक्रिय भूमिका रही। वहीं कमेंटेटर जफर अकील और विमलेश तिवारी की रोचक कमेंट्री ने मुकाबलों को और भी रोमांचक बना दिया।

कार्यक्रम का संचालन सबा अब्बासी और संतोष त्रिपाठी ने किया। अंत में संस्था प्रमुख ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version