गाजीपुर। रेवतीपुर ब्लॉक मुख्यालय में रविवार को सदर एसडीएम विनोद जोशी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं एएसडी (अनुपस्थित, मृतक, डबल एवं शिफ्टेड) मतदाताओं की समीक्षा बैठक की। यह बैठक निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आयोजित की गई।
एसडीएम ने बताया कि एसआईआर कार्य को पूर्ण करने के लिए अब केवल पांच दिन शेष हैं, ऐसे में सभी संबंधित कर्मी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने मौके पर ही ऑनलाइन एएसडी सूची का सत्यापन कराया और बीएलओ व बीएलए को निर्देश दिया कि जो मतदाता नहीं मिल रहे हैं, उनकी खोज युद्धस्तर पर की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जिन मतदाताओं को ‘अनकलेक्टेबल’ श्रेणी में रखा गया है, उनके संबंध में भी पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इस दौरान पुरानी मतदाता सूची से नई सूची की मैपिंग कार्य की भी समीक्षा की गई।
एसडीएम विनोद जोशी ने बताया कि गणना प्रपत्र 26 दिसंबर तक जमा किए जाएंगे। मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशन 31 दिसंबर को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां 31 दिसंबर से 30 जनवरी तक स्वीकार की जाएंगी, जबकि उनका निस्तारण 31 दिसंबर से 21 फरवरी तक किया जाएगा। इसके बाद 28 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है।
बैठक में सदर बीडीओ राकेश सिंह सहित जयप्रकाश, शिवप्रताप, बीरजू, मनोज पांडेय, मुन्ना, प्रवीण राय, पुष्पा, शीला, सुनिता, ओमप्रकाश समेत सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, कोटेदार, सचिव और अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


