संचारी रोगों से बचाव के लिए बेसिक शिक्षा विभाग चलाएगा सघन जागरूकता अभियान

गाजीपुर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर के निर्देशानुसार जनपद के समस्त परिषदीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में संचारी रोगों की रोकथाम और स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जनपद में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार और जल-जनित बीमारियों से बचाव व रोकथाम के लिए विद्यालयों में विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। अभियान की प्रमुख गतिविधियाँ एवं दिशा-निर्देश- विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा गांव एवं मजरों में जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी, जिसमें नारों और तख्तियों के माध्यम से ग्रामीणों को जल-जमाव रोकने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय बताए जाएंगे। दैनिक प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को संचारी रोगों के लक्षण, उनसे बचाव तथा साफ-सफाई के तौर-तरीकों की जानकारी दी जाएगी एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। मध्याह्न भोजन  से पूर्व और शौच के बाद साबुन से सही तरीके से हाथ धोने के अभ्यास पर विशेष बल दिया जाएगा, ताकि संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके। प्रत्येक विद्यालय परिसर, रसोईघर, पेयजल स्रोत तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी। परिसर अथवा उसके आसपास कहीं भी खुले में पानी इकट्ठा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं के सहयोग से यदि किसी बच्चे में बुखार या अन्य संचारी रोग के लक्षण दिखते हैं, तो तत्काल नजदीकी प्राथमिक/सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क कर उपचार सुनिश्चित कराया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, गाज़ीपुर ने जनपद के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं नोडल शिक्षकों को निर्देशित किया है कि इस अभियान को पूरी निष्ठा के साथ संचालित करें। स्वच्छता ही संचारी रोगों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है; अतः सभी शिक्षक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को अपने घर व आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रेरित करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version