गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के निधन पर रविवार को सपा कार्यालय समता भवन में शोक सभा आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई सभा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी समाजवादी आंदोलन के अग्रणी और सिद्धांतनिष्ठ नेताओं में रहे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सादगी, ईमानदारी और राजनीतिक शुचिता को प्राथमिकता दी। गरीबों, शोषितों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए उन्होंने लगातार संघर्ष किया।उन्होंने कहा कि रामगोविंद चौधरी का पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा और सामाजिक न्याय के लिए समर्पित रहा। किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों और गरीबों से जुड़े मुद्दों को उन्होंने मजबूती से उठाया। प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में उन्होंने जनहित के विषयों को सदन में प्रमुखता से रखा।गोपाल सिंह यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी का निधन समाजवादी पार्टी और समाजवादी आंदोलन के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके संघर्ष, विचार और जनसेवा की विरासत पार्टी कार्यकर्ताओं को सदैव प्रेरणा देती रहेगी।शोक सभा में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया।इस अवसर पर पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव, पूर्व नगर अध्यक्ष दिनेश यादव, रामशीष, हीरा बिन्द, माखन सहित सपा के अनेक पदाधिकारी, नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


