साइकिल से घर लौट रहे महेंद्र यादव की निर्मम हत्या, परिवार में मचा कोहराम

गाजीपुर। साल का अंतिम दिन सादात थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर ग्राम पंचायत निवासी महेंद्र यादव के परिवार के लिए कहर बनकर टूटा। बुधवार की देर शाम अज्ञात हमलावरों ने 50 वर्षीय महेंद्र यादव की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार बूढ़नपुर निवासी देवसरन यादव के चार पुत्रों में महेंद्र यादव दूसरे नंबर पर थे। उनका पम्पिंगसेट घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर नहर के पास स्थित है। बुधवार की शाम वह साइकिल से पम्पिंगसेट से घर खाना लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए हमलावरों ने उनके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी।

रोज की तरह रात करीब आठ बजे तक जब महेंद्र यादव घर नहीं पहुंचे, तो उनके छोटे भाई जयप्रकाश यादव हेलमेट लगाकर मोटरसाइकिल से खाना पहुंचाने पम्पिंगसेट पर पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि महेंद्र तो काफी देर पहले ही खाना लेने घर के लिए निकल चुके हैं। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े। खोजबीन के दौरान रास्ते में सड़क किनारे साइकिल के पास महेंद्र यादव का रक्तरंजित शव पड़ा मिला।

शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी मंजू देवी, पुत्री सुगंधा, खुशी, पुत्र शुभम और मां जुगरी देवी के करुण क्रंदन से मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही सादात और बहरियाबाद थाने की पुलिस के साथ क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र राम मिश्रा ने बताया कि मृतक के छोटे भाई जयप्रकाश यादव की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मौके का मुआयना कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है और पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version